3 जून: नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश पुलिस 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में एंटी-चिट्टा एवं स्वच्छ पर्यावरण जागरूकता मिनी मैराथन-2026 का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश के सहयोग से किया जा रहा है।
सुबह 6:30 बजे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में युवा, विद्यार्थी, परिवार, शिक्षण संस्थान, सरकारी विभाग, स्वयंसेवी संगठन, महिला मंडल, खेल संगठन और आम नागरिक भाग लेंगे।
मैराथन का मुख्य संदेश “चिट्टे को ना, जिंदगी को हां” रखा गया है। पुलिस का मानना है कि यह अभियान युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के दौरान एंटी-चिट्टा जन आंदोलन पर आधारित लघु फिल्म और पर्यावरण जागरूकता प्रस्तुति भी दिखाई जाएगी। मुख्यमंत्री अपने संबोधन में नशामुक्त हिमाचल, युवा सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार साझा करेंगे।
सुबह 5:30 बजे से प्रतिभागियों के आगमन और पंजीकरण की जांच शुरू होगी। इसके बाद वार्मअप गतिविधियां, हिमाचल प्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ की प्रस्तुति तथा नशामुक्त और स्वच्छ पर्यावरण की शपथ दिलाई जाएगी। दस किलोमीटर मिनी मैराथन सुबह 6:30 बजे और तीन किलोमीटर ड्रीम रन सुबह 6:40 बजे शुरू होगी। मुख्य समारोह सुबह 9:30 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें पुलिस महानिदेशक, पर्यावरण विभाग के सचिव और जनगणना कार्य निदेशक भी संबोधित करेंगे।
दस किलोमीटर मिनी मैराथन पुरुष और महिला वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपए रखा गया है। वहीं तीन किलोमीटर ड्रीम रन में सभी वर्गों के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे, जिसमें प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 5,100 रुपए निर्धारित किया गया है। सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल और टी-शर्ट भी प्रदान किए जाएंगे।