नगर निगम चुनाव परिणामों पर बोले मुकेश अग्निहोत्री, एकजुटता होती तो बेहतर होते नतीजे

3 जून: नगर निगम सोलन चुनाव में कांग्रेस को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिलने के बाद पार्टी में आत्ममंथन शुरू हो गया है। मंगलवार को सोलन दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पार्टी के भीतर कुछ स्थानों पर गुटबाजी का असर चुनाव परिणामों में देखने को मिला। उन्होंने माना कि यदि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ते तो परिणाम अलग और अधिक बेहतर हो सकते थे।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि 17 सीटों वाले नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को छह सीटों पर जीत मिली है, लेकिन पार्टी को इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि चुनाव नतीजों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी और जिन कारणों से नुकसान हुआ है, उन्हें दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सोलन सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। जनहित से जुड़े कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *