मंडी में मत्स्य पालकों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित, जलीय कृषि बीमा की दी जानकारी

27 नवम्बर:मत्स्य विभाग, मत्स्य मंडल मंडी की ओर से प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के तहत मत्स्य पालकों को जलीय कृषि बीमा और मत्स्य पालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (एनएफडीबी), हैदराबाद के इंश्योरेंस विशेषज्ञ मुहम्मद इफ्तिखार हुसैन और एआईसी सरकाघाट के सुमित ठाकुर ने मत्स्य पालकों को जलीय कृषि बीमा की सुविधाओं, पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया और योजना के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सहायक निदेशक मत्स्य नीतू सिंह ने मत्स्य पालकों से संवाद करते हुए उनके व्यवसाय में आ रही समस्याओं और कठिनाइयों के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर मत्स्य उत्पादन एवं आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के दौरान मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी भी दी गई। एनएफडीबी विशेषज्ञ ने जलीय कृषि बीमा की आवश्यकता, बीमा कवरेज, प्रीमियम पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि, बीमा क्लेम प्रक्रिया तथा प्राकृतिक आपदाओं और अन्य जोखिमों से होने वाले आर्थिक नुकसान से सुरक्षा के बारे में बताया। साथ ही एनएफडीबी पोर्टल पर पंजीकरण और डिजिटल माध्यम से योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी मंडी रिचा गुप्ता, मत्स्य अधिकारी ट्राउट फार्म बरोट विमल गुलेरिया, उपनिरीक्षक मत्स्य मुकेश कुमार सहित मत्स्य मंडल मंडी के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर में जिला मंडी के विभिन्न क्षेत्रों से आए ट्राउट एवं कार्प मत्स्य पालकों के अलावा आइस बॉक्स युक्त मोटरसाइकिल, ट्राउट हैचरी, मध्यम स्तर की सजावटी मत्स्य पालन इकाइयों, आरएएस और बायोफ्लॉक से जुड़े लाभार्थियों ने भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *