31 मई को आएंगे चार नगर निगम चुनावों के नतीजे, मतगणना की तैयारियां पूरी

29 मई: हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगमों के चुनाव परिणाम आने में अब दो दिन शेष हैं। राज्य चुनाव आयोग ने 31 मई को होने वाली मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना सुबह नौ बजे से शुरू होगी और संबंधित नगर निगम मुख्यालयों में करवाई जाएगी।

प्रदेश के धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन नगर निगमों में 17 मई को मतदान हुआ था। ये चुनाव पार्टी आधारित चुनाव चिन्ह पर करवाए गए थे। इसी दिन 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों के चुनाव भी संपन्न हुए थे। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना मतदान वाले दिन ही पूरी कर ली गई थी, जबकि नगर निगमों के परिणामों के लिए 31 मई तक इंतजार करना पड़ रहा है।

चारों नगर निगमों के चुनाव परिणामों पर कांग्रेस और भाजपा सहित आम जनता की नजरें टिकी हुई हैं। राजनीतिक दृष्टि से इन चुनावों को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। क्योंकि चुनाव पार्टी चिन्ह पर हुए हैं, ऐसे में इनके नतीजे दोनों प्रमुख दलों के लिए राजनीतिक माहौल तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले यह आखिरी बड़ा चुनाव माना जा रहा है। ऐसे में नगर निगम चुनावों के परिणाम आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। मतगणना पूरी होने के साथ ही राज्य चुनाव आयोग द्वारा लागू आचार संहिता भी समाप्त हो जाएगी।

प्रदेश के 51 नगर निकायों में कुल 449 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनाव कार्यक्रम 24 अप्रैल को घोषित किया गया था, जबकि नामांकन पत्र 29 और 30 अप्रैल को दाखिल किए गए थे। इसके बाद 17 मई को पूरे प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव संपन्न करवाए गए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *