11 नवम्बर: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को दियोटसिद्ध स्थित प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और हवन में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बाबा जी की पवित्र गुफा एवं पिंडी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में एडीबी परियोजना के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति और मंदिर परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मंदिर पहुंचने पर बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा, मंदिर अधिकारी राजेश कुमार और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की ताजा स्थिति से अवगत करवाया। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं एचआरटीसी बीओडी सदस्य बलविंद्र सिंह बबलू सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।