आचार संहिता के बीच CM सुक्खू की घोषणा पर घमासान, BJP की शिकायत पर चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट

29 मई : हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के बीच आदर्श चुनाव आचार संहिता को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा नेरवा दौरे के दौरान की गई 5 करोड़ रुपये की घोषणा पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा ने इस मामले को राज्य चुनाव आयोग के समक्ष उठाते हुए मुख्यमंत्री पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है।

भाजपा के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा कि प्रदेश में आचार संहिता लागू होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से नई वित्तीय घोषणाएं कीं। साथ ही स्कूलों और अन्य विकास कार्यों से जुड़े कई आश्वासन भी दिए गए, जो चुनाव नियमों का उल्लंघन हो सकता है।

भाजपा का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान इस तरह की घोषणाएं मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले भी भाजपा मंत्रिमंडल बैठक को लेकर सरकार की शिकायत चुनाव आयोग और राज्यपाल से कर चुकी है।

वहीं, राज्य चुनाव आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए शिक्षा सचिव से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने 30 मई तक जवाब मांगा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

दूसरी ओर राज्य सरकार ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सरकार का नियमित कामकाज जारी है और भाजपा बेवजह मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *