हमीरपुर के दोसड़का पुलिस मैदान में 11 दिसंबर को होगा सुक्खू सरकार के 4 साल पूरे होने का समारोह : सुरेश कुमार

11 नवम्बर: प्रदेश सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को हमीरपुर के दोसड़का स्थित पुलिस मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने बुधवार को होटल हमीर में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समारोह में प्रदेश सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया जाएगा।

सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने चार साल के कार्यकाल में आर्थिक, राजनीतिक और प्राकृतिक आपदाओं से जुड़ी चुनौतियों के बीच प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। सरकार ने आम लोगों, युवाओं और कर्मचारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के हित में कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में भी सरकार प्रयासरत है।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वाइल्ड फ्लावर हॉल, जेएसडब्ल्यू जलविद्युत परियोजना, किशाऊ बांध परियोजना और बीबीएमबी से एरियर जैसे मामलों में हिमाचल प्रदेश के हितों को मजबूती से उठाया है। उनके अनुसार, इन मामलों में सरकार के प्रयासों से प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

उन्होंने बताया कि वाटर सेस के मामले में प्रदेश सरकार न्यायालय में अपना पक्ष रख रही है। इसके अलावा चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी हासिल करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। सुरेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने, पिछली सरकार की वित्तीय देनदारियों और अन्य आर्थिक चुनौतियों के बावजूद वर्तमान सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों को वित्तीय लाभ प्रदान करने के लिए कदम उठा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *