पंचायत चुनाव में हार के डर से मैदान छोड़ गई कांग्रेस : जयराम ठाकुर

29 मई : नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हार सामने देखकर कांग्रेस नेताओं ने चुनावी मैदान से दूरी बना ली। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों में जनता का रुझान भाजपा के पक्ष में साफ दिखाई दिया है, जिससे कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने चुनाव से पहले बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन जब उन्हें हार का अंदेशा हुआ तो वे जनता से मुंह छिपाने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निकाय चुनावों के बाद मुख्यमंत्री ने जल्दबाजी में कैबिनेट बैठक कर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए कई लोकलुभावन फैसले लिए, ताकि मतदाताओं को प्रभावित किया जा सके। बावजूद इसके जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को झूठी घोषणाओं और गारंटियों के सहारे वोट लेने की आदत पड़ चुकी है। विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस ने इसी रणनीति से लोगों को भ्रमित किया था। जयराम ने आरोप लगाया कि स्थानीय निकाय चुनावों में पार्षदों को खरीदने तक की कोशिश की गई और पंचायत चुनावों से ठीक पहले कई घोषणाएं कर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे हथकंडों का कोई असर नहीं होने वाला। उन्होंने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से ईमानदारी के साथ काम करने और बिना भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *