3 जुलाई से शुरू होंगी हिमाचल बोर्ड की अनुपूरक परीक्षाएं, सभी तैयारियां पूरी

1 जुलाई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मैट्रिक और जमा दो के नियमित विद्यार्थियों के लिए अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षाएं 3 जुलाई से आयोजित की जाएंगी। मैट्रिक की परीक्षाएं 3 से 10 जुलाई, जबकि जमा दो की परीक्षाएं 3 से 16 जुलाई 2026 तक संचालित होंगी। विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

इन परीक्षाओं में कंपार्टमेंट, इंप्रूवमेंट, अतिरिक्त विषय, डिप्लोमा होल्डर री-अपीयर तथा बोर्ड नियमों के तहत पात्र अन्य अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षाएं प्रातःकालीन सत्र में सुबह 8:45 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड ने विशेष अवसर प्राप्त अभ्यर्थियों तथा पूर्व में परीक्षा न दे पाने वाले पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने का आग्रह किया है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिला एवं श्रेणीवार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से परीक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि अनुपूरक परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी और सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंचें और किसी भी जानकारी के लिए बोर्ड द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *