17 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से मंडी जिला के लिए 25 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन आधुनिक ई-बसों के संचालन से मंडीवासियों को सुविधाजनक, आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई ई-बसों के संचालन से मंडी जिला में परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा लोगों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। प्रदेश सरकार आधुनिक और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित हिमाचल के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। ई-बसों का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।