26 जून से शुरू होगा राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों की रहेगी धूम

5 जून: सोलन का प्रसिद्ध राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला इस वर्ष 26 से 28 जून तक पारंपरिक श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने शूलिनी मेला समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेले की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मां शूलिनी मेला सोलन की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। मेले के दौरान शोभायात्रा, पूजा-अर्चना, भंडारों, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

तीन दिवसीय मेले में प्रदेशभर के सांस्कृतिक दलों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त क्राफ्ट मेला, प्रदर्शनी, कुश्ती, ठोडो, रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, टेबल टेनिस और जुडो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

मेले के आकर्षण को बढ़ाने के लिए नारा लेखन, बेबी शो, फ्लावर शो और पैट शो जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। यह तीन दिवसीय आयोजन एक बार फिर सोलन को आस्था, संस्कृति और उत्सव के रंगों से सराबोर करेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *