19 जून: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा टीजीटी नॉन-मैडीकल और टीजीटी हिंदी विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए बोर्ड ने प्रदेशभर में कुल 87 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं, जहां 7,748 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहले सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक टीजीटी नॉन-मैडीकल की परीक्षा होगी। इसके लिए 49 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5,517 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं दूसरे सत्र में दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक टीजीटी हिंदी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस विषय के लिए 38 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 2,231 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि परीक्षा के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने परीक्षार्थियों से परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की अपील की है। परीक्षा हॉल में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ वैध मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। तकनीकी समस्या होने पर अभ्यर्थी बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।