2027 के विधानसभा चुनाव में 8007 बूथों पर संगठन मजबूत करने का लक्ष्य : जयराम ठाकुर

5 अक्तूबर, कविता शान्ति गौतम : बद्दी रिसॉर्ट में भारतीय जनता पार्टी की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों और संगठनात्मक कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश के 8007 बूथों पर संगठन को और मजबूत करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखते हुए एकजुट होकर संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कांग्रेस पर परिवार केंद्रित राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि 7 अक्तूबर को प्रदेशभर में सेवा ज्योति यात्रा आयोजित की जाएगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मोटरसाइकिल और पदयात्राओं के माध्यम से कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने हाल में हुए पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि 11 में से 10 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व सामने आया है। उन्होंने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया और आगामी समय में भी संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया।

समारोह में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, परमजीत सिंह, लखविंदर राणा, विनोद सहित भाजपा के अन्य प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *