13 साल से फरार धोखाधड़ी का आरोपी पटियाला से गिरफ्तार, शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

15 अप्रैल: शिमला पुलिस ने भगौड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। ढली थाना पुलिस ने 13 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार किया है।

यह मामला वर्ष 2013 का है। आरोपी बलिजंदर सिंह उर्फ सोनू (निवासी बादशाहपुर, पटियाला) पर 8 लाख रुपए की सेब की खेप को गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन उसने माल को बीच में ही बेचकर रकम लेकर फरार हो गया।

इस मामले में ढली थाना में IPC की धारा 406, 407 और 120(बी) के तहत केस दर्ज किया गया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर शिमला पुलिस की टीम ने पटियाला में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। कोर्ट के आदेश पर उसे 17 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में सब जेल कैथू भेज दिया गया है।

एसएसपी शिमला ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *