सरकाघाट छात्रा हत्याकांड: आरोपी पहले से हथियार लेकर घूम रहा था, मानसिक स्थिति जांच के दायरे में

15 अप्रैल: मंडी जिले के सरकाघाट में छात्रा हत्या मामले में पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने पास दराट रखता था और घटना के दिन भी वह उसी के साथ मौजूद था।

अब तक की पूछताछ में किसी पुरानी रंजिश या आपराधिक पृष्ठभूमि के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

घटना के समय एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने पूरी घटना देखी। बताया जा रहा है कि उस समय छात्रा फोन पर बात कर रही थी, जिससे उसे संभलने का मौका नहीं मिला।

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी चेहरा ढके हुए नजर आया। इसके बाद स्थानीय लोगों और एक दंपती से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान हुई। बाद में लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। साथ ही आरोपी की मानसिक स्थिति और उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *