1 अगस्त: विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में 11 से 25 अगस्त 2026 तक 15 दिवसीय श्रावण अष्टमी नवरात्र मेला आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर न्यास के स्वागत कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त (मंदिर) एवं एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा ने की, जबकि विधायक संजय रत्न विशेष रूप से मौजूद रहे।
विधायक संजय रत्न ने कहा कि मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ज्वालामुखी पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थित दर्शन प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर कतार प्रबंधन के साथ वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल के अलावा 50 अतिरिक्त होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे। वहीं, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर परिषद की ओर से 80 अस्थायी सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए विभिन्न स्थानों पर सूचना एवं दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मंदिर परिसर में मेडिकल कैंप लगाने के साथ डॉक्टरों, आवश्यक दवाइयों और 108 एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने और दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से मेले के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सेवा भावना और सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने की अपील की। बैठक के अंत में एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में तहसीलदार अजय मंडयाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिकारी अनीश, बिजली बोर्ड से करणवीर सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सोम किरण, उपाध्यक्ष दीप्ति शर्मा, मंदिर न्यास के सदस्य सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।