ऊना जिले के ठठल गांव में छत से गिरकर 61 वर्षीय व्यक्ति की मौत, दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं

9 नवम्बर:हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के ठठल गांव में दीपावली का पर्व उस समय मातम में बदल गया, जब मकान की छत से अचानक नीचे गिरने के कारण 61 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जोगिन्द्र पाल (61) पुत्र प्रेम दास निवासी गांव ठठल के रूप में हुई है। त्यौहार के दिन हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा दीपावली की रात करीब 7 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि जोगिन्द्र पाल शाम के समय अपने मकान की छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अम्ब थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की।

डीएसपी ऊना अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *