1 अगस्त: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के विकास खंड कार्यालय की ओर से इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की सभी 58 ग्राम पंचायतों में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न पंचायतों में फलदार, औषधीय और छायादार पौधे रोपे गए।
विधायक मलेंद्र राजन ने ठाकुरद्वारा, बसंतपुर और मीलवां पंचायतों में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और स्वयं पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पौधरोपण के साथ विधायक ने तीनों पंचायतों में जनसंवाद भी किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को समयबद्ध राहत मिल सके।
मलेंद्र राजन ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान पौधरोपण अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा और क्षेत्र की सभी पंचायतों में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, युवक मंडलों, महिला मंडलों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और हरित क्षेत्र के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक क्षेत्र बनाना लक्ष्य है। विधायक ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी से देखभाल करे, तो आने वाले वर्षों में इंदौरा प्रदेश के सबसे हरित क्षेत्रों में शामिल हो सकता है।
उन्होंने बताया कि पौधरोपण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शीर्ष तीन ग्राम पंचायतों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव कुमार यादव, बीडीओ सुदर्शन सिंह, डीएफओ संदीप कोहली, रेंज अधिकारी अब्दुल हमीद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।