9 अक्तूबर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव एवं डाकघर बजरेड़, तहसील शाहपुर में गौशाला में आग लगने की घटना के बाद विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सुबह-सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द साझा किया और मौके पर ही फौरी राहत प्रदान की।
जानकारी के अनुसार, बजरेड़ में शशिकांत शर्मा प्रेई तथा प्रीतम चंद पुत्र स्वर्गीय चमारू राम की गौशाला में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही विधायक केवल सिंह पठानिया मौके पर पहुंचे और गौशाला की छत पर जाकर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
विधायक ने कहा कि प्रभावित परिवार को प्रशासन और सरकार के माध्यम से हरसंभव अतिरिक्त सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुख में शामिल होना उनका नैतिक दायित्व है और संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों की मदद करना उनकी प्राथमिकता है।