6 मई: हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने 9 और 10 मई को आयोजित होने वाली विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष प्रदेश के 10 जिलों में कुल 16 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) भी जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
प्रवेश परीक्षा के लिए इस बार कुल 9704 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें बीटेक के लिए 5575, बीफार्मेसी के लिए 3085, बीटेक (लेटरल एंट्री) व बीफार्मेसी के लिए 380, एमबीए के लिए 303 तथा एमसीए के लिए 262 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ने बताया कि 9 मई को सुबह 9 से 11 बजे तक बीएससी एचएम एंड सीटी/बीएचएमसीटी और एमएससी पर्यावरण विज्ञान की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस दिन परीक्षा के लिए केवल एक केंद्र विश्वविद्यालय परिसर में ही बनाया गया है।
वहीं 10 मई को सुबह 9 से 11 बजे तक एमएससी भौतिक विज्ञान तथा 9 से 12:15 बजे तक बीटेक और बीफार्मेसी की प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। इसी दिन दोपहर 2 से 4 बजे तक एमसीए, एमबीए और एमबीए (पर्यटन) की परीक्षाएं भी ली जाएंगी।
10 मई को आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें विभिन्न सरकारी और निजी महाविद्यालय शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और प्रवेश पत्र के साथ सभी जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करें।