पंचायती राज चुनाव: नामांकन भरने का आज आखिरी दिन, प्रदेशभर में बढ़ी चुनावी हलचल

11 मई: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का सोमवार को अंतिम दिन है। उम्मीदवार दोपहर तीन बजे तक अपने नामांकन जमा कर सकेंगे। प्रदेशभर में पंचायत प्रतिनिधियों के विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ने को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 31,182 पदों के लिए 42,562 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

राज्य में पंचायत प्रधान के 3754, उपप्रधान के 3754, ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 21,654, जिला परिषद सदस्य के 251 तथा पंचायत समिति सदस्य के 1769 पदों के लिए उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन विभिन्न जिलों के उपमंडल कार्यालयों, तहसील परिसरों और विकास खंड कार्यालयों में उम्मीदवारों और समर्थकों की भीड़ देखने को मिल सकती है।

12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी उम्मीदवारों के दस्तावेजों और पात्रता की पड़ताल करेंगे। नियमों के अनुरूप न पाए जाने वाले नामांकन पत्र निरस्त किए जा सकते हैं। चुनाव आयोग ने अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

इसके बाद 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। अंतिम तिथि के बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी और उन्हें चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही पंचायत चुनाव का प्रचार अभियान और तेज होने की संभावना है।

प्रदेश के गांवों में चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। अधिकांश पंचायतों में स्थानीय विकास, सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दे चुनावी चर्चा के केंद्र बने हुए हैं। इस बार पंचायत चुनाव में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी हुई दिखाई दे रही है। चुनाव आयोग ने सभी उम्मीदवारों से निर्वाचन नियमों का पालन करने और किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहने की अपील की है।

वहीं, प्रदेश के 51 शहरी निकायों के लिए मतदान 17 मई को होगा। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव प्रचार के लिए अब केवल पांच दिन शेष रह गए हैं। प्रत्याशी प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। शहरी निकाय चुनाव के लिए प्रचार का शोर 15 मई की शाम 5 बजे थम जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *