11 जुलाई: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने स्टाफ नर्स (जॉब ट्रेनी) के 71 पदों पर बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों के नाम जिला रोजगार कार्यालय मंडी के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को प्रायोजित किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि भर्ती में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों का रोजगार कार्यालय में पंजीकरण सक्रिय होना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीकरण नहीं है या किसी कारण से समाप्त (लैप्स) हो चुका है, वे 24 जुलाई 2026 तक अपना नया पंजीकरण या नवीनीकरण अवश्य करवा लें। निर्धारित तिथि तक पंजीकरण या रिन्यूअल कराने वाले अभ्यर्थियों के नाम ही स्वास्थ्य विभाग को भेजे जाएंगे।
भर्ती के लिए विभिन्न श्रेणियों के कट-ऑफ बैच भी तय किए गए हैं। अनारक्षित श्रेणी के 28 पदों के लिए दिसंबर 2010 बैच, अनारक्षित ईडब्ल्यूएस के 7 पदों के लिए जून 2011 बैच और अनारक्षित डब्ल्यूएफएफ के एक पद के लिए दिसंबर 2012 बैच निर्धारित किया गया है। ओबीसी श्रेणी के 13 पदों के लिए दिसंबर 2012 तथा ओबीसी बीपीएल के 3 पदों के लिए दिसंबर 2013 बैच तय किया गया है।
अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणी के 13 पदों के लिए दिसंबर 2013 बैच, एससी बीपीएल के 3 पदों के लिए दिसंबर 2014 बैच और एससी डब्ल्यूएफएफ के एक पद के लिए दिसंबर 2017 बैच निर्धारित किया गया है। वहीं, अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी के 2 पदों के लिए दिसंबर 2013 बैच तक के अभ्यर्थियों के नाम स्वास्थ्य विभाग को भेजे जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने रोजगार पंजीकरण की स्थिति जांच लें। यदि पंजीकरण समाप्त हो चुका है तो 24 जुलाई 2026 से पहले अपने निकटतम जिला या उप-रोजगार कार्यालय में जाकर अथवा ईईएमआईएस (eEMIS) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण या रिन्यूअल करवा सकते हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया से वंचित न रह जाएं।