18 मई: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के बीच सोलन जिले के विकास खंड कुनिहार से एक गंभीर मामला सामने आया है। बैलेट पेपर लेखन कार्य के दौरान दो बैलेट पेपर रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर दर्ज करवाई है।
खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने बताया कि बैलेट पेपर गायब होने की घटना सामने आने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। एफआईआर में संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) सहित आठ कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। साथ ही सभी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि बैलेट पेपर अति-महत्वपूर्ण दस्तावेज होते हैं और उनका गायब होना बेहद गंभीर मामला है। इस संबंध में सभी जरूरी रिकॉर्ड और दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
वहीं, डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।