हिमाचल निकाय चुनाव: 22 साल की शिवानी और नीलमा बनीं सबसे युवा पार्षद

19 मई: हिमाचल प्रदेश के नगर निकाय चुनावों में युवाओं ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करवाई है। इस बार सबसे कम उम्र की दो 22 वर्षीय युवतियों ने जीत हासिल कर पार्षद बनने का गौरव प्राप्त किया। जिला हमीरपुर के सुजानपुर नगर परिषद में शिवानी ठाकुर ने सुजानपुर टिहरा वार्ड से जीत दर्ज की, जबकि जिला कुल्लू के निरमंड शहरी निकाय में नीलमा देवी ने वार्ड सीर कोट से विजय हासिल की।

इसके अलावा जिला मंडी के नेरचौक शहरी निकाय में 25 वर्षीय स्वाति ने मंझयाठल वार्ड से जीत दर्ज की। वहीं सरकाघाट शहरी निकाय से 25 वर्षीय पुष्पा देवी वार्ड नंबर-3 से विजयी रहीं। कंडाघाट से 28 वर्षीय मोनिका पंडित, डल्हौजी नगर परिषद से 28 वर्षीय तलविंदर (साहिल पम्मा), नूरपुर से 27 वर्षीय बबिता और 29 वर्षीय अनामिका, जबकि दौलतपुर चौक से 29 वर्षीय श्वेता ने भी जीत हासिल की।

सुजानपुर की युवा पार्षद शिवानी ठाकुर ने बताया कि उन्होंने डिग्री कॉलेज सुजानपुर से बीएससी और तकनीकी विश्वविद्यालय दड़ूही से एमसीए की पढ़ाई की है। राजनीति में आने की प्रेरणा उन्हें अपने पिता प्रकाश सडियाल और पूर्व पार्षद रह चुकी माता नीता कुमारी से मिली। शिवानी का कहना है कि यदि समाज में बदलाव और नई सोच के साथ विकास करना है तो युवाओं का राजनीति में आना बेहद जरूरी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *