5 अगस्त: शिमला में हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती के अवसर पर विधानसभा परिसर में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने डॉ. परमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका योगदान हिमाचल प्रदेश के निर्माण और विकास में अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा को विद्यार्थियों के लिए अधिक सुलभ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी उद्देश्य से ‘डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना’ के तहत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘अध्यक्षपीठ से प्रेक्षण एवं विनिर्णय’ सहित अन्य पुस्तकों का भी विमोचन किया गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, मंत्रिमंडल के सदस्यों और अन्य गणमान्य लोगों के साथ विधानसभा परिसर में पौधरोपण किया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, विधायकगण तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।