19 मई: नगर पंचायत शाहपुर चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत के बाद शाहपुर विधानसभा क्षेत्र को बड़ा विकास प्रोजेक्ट मिला है। विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आधुनिक शॉपिंग मॉल निर्माण की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार चुनाव परिणाम आने के अगले ही दिन विधायक केवल सिंह पठानिया शिमला पहुंचे, जहां उन्होंने शहरी विकास विभाग और मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को प्रशासनिक मंजूरी दिलवाई।
युवाओं को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाए
प्रस्तावित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा और युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहन मिलेगा।
शॉपिंग मॉल और 50 दुकानों का भी होगा निर्माण
इस प्रोजेक्ट के तहत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के साथ आधुनिक शॉपिंग मॉल और करीब 50 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
नगर पंचायत की आय में होगा इजाफा
प्रोजेक्ट से नगर पंचायत शाहपुर की आय बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे भविष्य में क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में क्षेत्र के लिए कई और बड़े विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।