20 मई: हिमाचल प्रदेश में स्कूल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के स्कूल प्रिंसीपलों के लिए विशेष इंडक्शन ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह प्रशिक्षण 19 से 22 मई तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में निदेशालय स्कूल शिक्षा की ओर से एससीईआरटी सोलन को आधिकारिक पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए ट्रेनिंग मॉड्यूल और रिसोर्स पर्सन्स (आरपी) की सूची भी उपलब्ध करवाई गई है। इन विशेषज्ञों की सहायता से प्रिंसीपलों को प्रशासनिक कार्यों, शैक्षणिक गुणवत्ता, नेतृत्व क्षमता और स्कूल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इस इंडक्शन ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य नए और कार्यरत प्रिंसीपलों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली, प्रशासनिक जिम्मेदारियों और प्रभावी स्कूल संचालन के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों की शिक्षा गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा नई शिक्षा नीति और शिक्षा क्षेत्र में तेजी से बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण विषयों को भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जा सकता है। इस पहल को स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।