बद्दी के साई मार्ग स्थित उद्योग में भीषण आग, लाखों का नुकसान

24 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में शुक्रवार शाम साई मार्ग स्थित एक उद्योग में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की औद्योगिक इकाइयों और वाणिज्यिक शोरूम तक फैलने से रोक लिया गया। इस अग्निकांड में उद्योग के अंदर रखा तैयार माल और मशीनरी जलकर राख हो गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम उद्योग परिसर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और परिसर में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही बद्दी फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए वर्धमान उद्योग प्रबंधन की ओर से भी दमकल की दो गाड़ियां सहायता के लिए भेजी गईं।

दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण कर लेने से आसपास स्थित अन्य औद्योगिक इकाइयों और बड़े वाणिज्यिक शोरूम को सुरक्षित बचा लिया गया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।

बद्दी के फायर अधिकारी हेमराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, अग्निकांड में संबंधित उद्योग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *