हिमाचल पुलिस में अब ऑनलाइन होगी हाजिरी, ‘हिम उपस्थिति’ ऐप से दर्ज करनी होगी अटेंडेंस

20 मई: हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय शिमला में अब अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति पूरी तरह डिजिटल तरीके से दर्ज की जाएगी। पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार आधार आधारित ‘हिम उपस्थिति’ डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। शुरुआती चरण में यह व्यवस्था पुलिस मुख्यालय शिमला में तैनात सभी आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों, मिनिस्ट्रियल स्टाफ, नॉन गजेटेड अधिकारियों समेत स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों पर लागू होगी।

जारी निर्देशों के तहत सभी कर्मचारियों को अपने स्मार्टफोन में ‘हिम उपस्थिति’ मोबाइल ऐप इंस्टॉल करना अनिवार्य होगा। इसी ऐप के माध्यम से रोजाना अटेंडेंस दर्ज करनी होगी। कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने और जाने के समय इन और आउट स्टेटस भी अपडेट करना होगा। पुलिस मुख्यालय ने सभी कर्मचारियों को जल्द से जल्द पोर्टल पर पंजीकरण और नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह प्रणाली आधार आधारित होगी, इसलिए सभी कर्मचारियों को अपने आधार विवरण सही तरीके से लिंक और सत्यापित करने होंगे, ताकि डिजिटल प्रमाणीकरण की प्रक्रिया सुरक्षित और सुचारू रूप से चल सके। यदि किसी कर्मचारी को ऐप या अटेंडेंस दर्ज करने में तकनीकी समस्या आती है तो इसकी सूचना तुरंत आईटी सेल को देनी होगी।

आदेशों में यह भी कहा गया है कि सभी आईपीएस और एचपीएस नियंत्रक अधिकारी अपने अधीन कर्मचारियों के पंजीकरण और उपस्थिति प्रणाली की निगरानी करेंगे तथा तय समय के भीतर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। पुलिस मुख्यालय ने चेतावनी दी है कि निर्देशों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सकती है। यह आदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी द्वारा जारी किए गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *