24 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के कसेह गांव में दर्दनाक हादसे में साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चा खेत के पास बने पानी के स्टोरेज टैंक में गिर गया था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान कसेह गांव निवासी जितेंद्र कुमार के बेटे विनायक उर्फ गणी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विनायक अपनी मां और दादी के साथ घर के पास स्थित खेतों में गया था। परिजन अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते खेत के पास बने पानी के स्टोरेज टैंक तक पहुंच गया और दुर्घटनावश उसमें गिर गया।
घटना का पता चलते ही परिजनों ने तुरंत बच्चे को टैंक से बाहर निकाला और गंभीर हालत में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), बिलासपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बच्चे की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एम्स प्रशासन ने घटना की सूचना झंडूता पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।