24 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश में आयुर्वेद और आयुष सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में 379 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। इसके अलावा नेशनल आयुष मिशन के तहत 60 करोड़ रुपये की राशि भी उपलब्ध करवाई गई है।
आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने बुधवार को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमीरपुर के धनेटा, नादौन में प्रस्तावित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद एम्स को लेकर प्रदेश सरकार ने करीब 1000 करोड़ रुपये की परियोजना में 300 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी देने की प्रतिबद्धता जताई है।
मंत्री ने कहा कि संस्थान के लिए करीब 70 एकड़ भूमि सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता भी प्रदेश सरकार ने पूरी की है। प्रदेश की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं और अब संस्थान की स्थापना को लेकर निर्णय केंद्र सरकार को लेना है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर शिमला के रिज मैदान में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया।