9 मई: पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर हमीरपुर जिला में नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। दूसरे दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 1548 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके साथ ही अब तक जमा नामांकन पत्रों की कुल संख्या बढ़कर 3120 पहुंच गई है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद के 19 वार्डों, छह पंचायत समितियों के 119 वार्डों तथा जिले की 242 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य समेत कुल 1860 पदों के लिए तीन चरणों में चुनाव करवाए जाएंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि शुक्रवार को जिला परिषद सदस्य पद के लिए 18 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जबकि पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 148 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। इसके अलावा पंचायत प्रधान पद हेतु 289, उपप्रधान पद के लिए 288 तथा पंचायत वार्ड सदस्य पद के लिए 805 नामांकन पत्र जमा किए गए।
उपायुक्त ने बताया कि 9 और 10 मई को अवकाश होने के कारण नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन 11 मई रहेगा, जिसमें सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक पर्चे जमा किए जा सकेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। वहीं, 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। 15 मई की शाम को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले की 83 पंचायतों में 26 मई, 82 पंचायतों में 28 मई और 77 पंचायतों में 30 मई को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक संपन्न कराया जाएगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के परिणाम मतदान वाले दिन ही घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे से संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों में शुरू होगी।