19 मई: हमीरपुर नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने नगर निगम क्षेत्र में कारोबार करने वाले सभी व्यापारियों से 30 जून तक ट्रेड लाइसेंस बनवाने की अपील की है। इसमें दुकानदार, होटल मालिक, शोरूम संचालक, क्लीनिक संचालक और अन्य छोटे-बड़े प्रतिष्ठान शामिल हैं।
नगर निगम ने पहले ट्रेड लाइसेंस बनवाने की अंतिम तिथि 15 मई तय की थी, लेकिन व्यापारियों की मांग पर इसे बढ़ाकर अब 30 जून कर दिया गया है। आयुक्त ने कहा कि जिन व्यापारियों ने अभी तक लाइसेंस नहीं बनवाया है, वे ऑनलाइन या लोक मित्र केंद्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यापारी को ऑनलाइन प्रक्रिया में दिक्कत आती है, तो वह नगर निगम कार्यालय जाकर ऑफलाइन आवेदन भी कर सकता है। वहीं, 30 जून के बाद ट्रेड लाइसेंस न लेने वाले व्यापारियों पर मासिक जुर्माना लगाया जाएगा।