19 मई : हिमाचल प्रदेश के सोलन में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। सोसाइटीगंज बाजार में चाय बेचने वाले एक व्यक्ति के मोबाइल फोन को हैक कर ठगों ने उसके बैंक खाते से 1.75 लाख रुपये उड़ा लिए।
पीड़ित विद्या दत्त के अनुसार उन्हें एक फोन कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया। ठग ने बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया। कॉल के कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन अचानक हैंग हो गया और पूरी तरह लॉक हो गया।
पीड़ित को दो दिनों तक ठगी का पता नहीं चला। बाद में जब फोन सामान्य हुआ और बैंक मैसेज चेक किए गए, तब खाते से 1.75 लाख रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई।
मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या कार्ड डिटेल साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर सेल और बैंक को सूचना देने को कहा गया है।