हमीरपुर में आंगनवाड़ी के 9 पदों पर भर्ती, 3 अगस्त तक करें आवेदन

24 जुलाई: बाल विकास परियोजना हमीरपुर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 9 पदों को भरने के लिए पात्र महिलाओं से 3 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय, हमीरपुर में जमा कर सकते हैं।

सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत बस्सी झनियारा के आंगनवाड़ी केंद्र मुहान तथा नगर निगम क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-7ए में कार्यकर्ता के एक-एक पद पर भर्ती की जाएगी। वहीं नगर निगम क्षेत्र के एमसीडब्ल्यू-7ए, एमसीडब्ल्यू-11ए और एमसीडब्ल्यू-11सी, जंगल रोपा पंचायत के जंगल, हार-2 नाल्टी पंचायत के डकोहल तथा बस्सी झनियारा पंचायत के छबोट घिरथां केंद्रों में सहायिका के एक-एक पद भरे जाएंगे।

इन पदों के लिए आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के कार्यक्षेत्र की स्थायी निवासी हो तथा उसका नाम परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना आवश्यक है। उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी होना चाहिए। यदि कोई कार्यरत आंगनवाड़ी सहायिका कार्यकर्ता के पद के लिए आवेदन करती है, तो उसके मानदेय को परिवार की वार्षिक आय में शामिल नहीं किया जाएगा।

इन पदों के लिए साक्षात्कार 6 अगस्त को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय, हमीरपुर में आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को अलग से कोई सूचना पत्र नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय, हमीरपुर या दूरभाष नंबर 01972-225642 पर संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *