24 जुलाई: पांगी क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों और विकास संबंधी मांगों को उनके समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पांगी क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखे गए सभी सुझावों और मांगों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांगी के किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र को प्रदेश का पहला प्राकृतिक खेती उपमंडल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि और टिकाऊ कृषि व्यवस्था विकसित करने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पांगी भविष्य में प्रगति, समृद्धि और सतत कृषि का प्रेरक मॉडल बनकर पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण बनेगा।