हमीरपुर के 182 किसानों को कृषि यंत्रों पर मिली करीब 26 लाख रुपये की सब्सिडी

25 सितम्बर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। इसी कड़ी में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की खरीद पर सब्सिडी दी जा रही है।

वीरवार को कृषि उपनिदेशक कार्यालय परिसर के सम्मेलन हॉल में कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत आयोजित सब्सिडी वितरण कार्यक्रम में सुनील शर्मा बिट्टू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि हाल ही में जिला हमीरपुर के 182 किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर करीब 26 लाख रुपये की सब्सिडी जारी की गई है। इस दौरान उन्होंने प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में सब्सिडी की राशि हस्तांतरित की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार वह लगातार गांवों का दौरा कर रहे हैं। ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत करवाकर उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान, मातृ-शिशु अस्पताल, अत्याधुनिक मशीनों एवं रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद का एम्स स्तर का उत्कृष्ट संस्थान भी जिला हमीरपुर को मिलने वाला है। इसके अलावा प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा, डेडिकेटेड साइंस कॉलेज, सीबीएसई स्कूल सहित अन्य संस्थान भी हमीरपुर को दिए गए हैं।

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद किसानों से सीधा संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का फीडबैक भी लिया।

इस अवसर पर कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीडी शर्मा, आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान, जिला कृषि अधिकारी राजेश कुमार, मृदा संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, खाद्य आपूर्ति निगम के बीओडी सदस्य विक्रम शर्मा, कृषि विभाग के अधिकारी और कांग्रेस पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *