साइकोलॉजी शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 68 उम्मीदवारों का चयन

25 सितंबर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में साइकोलॉजी शिक्षकों के 114 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26031 के तहत आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 91 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 77 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी, जबकि 74 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था। 11 सितंबर को दस्तावेजों की जांच के बाद 68 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया गया है।

पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण 46 पद खाली रह गए हैं। इनमें सामान्य ईडब्ल्यूएस वर्ग के 9, सामान्य (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) का एक, ओबीसी के 10, ओबीसी बीपीएल के 4, एससी के 14, एससी बीपीएल के 4, एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) का एक, एसटी का एक तथा एसटी बीपीएल के 2 पद शामिल हैं।

आयोग ने अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित अपनी वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *