25 सितंबर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अपने यूरोप के अध्ययन प्रवास के अगले चरण में इटली के मिलान से फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी पहुंच गए हैं। इटली प्रवास के दौरान उन्होंने औद्योगिक एवं शिक्षण संस्थानों का दौरा किया और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद किया।
मिलान में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पठानिया ने कहा कि भारत उनका मूल देश है और उन्हें अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने प्रवासियों से विदेशों में कमाए धन का निवेश भारत में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
अपने मिलान प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों, शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यूरोपीय कार्यप्रणाली और विकास मॉडल का भारत तथा हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में अध्ययन किया, ताकि वहां की बेहतर नीतियों और व्यवस्थाओं को प्रदेश के हित में समझा जा सके।
जानकारी के अनुसार कुलदीप सिंह पठानिया 23 और 24 सितंबर को हेलसिंकी में विभिन्न व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे। इसके बाद वह फिनलैंड के रोवानीमी शहर जाएंगे। रोवानीमी को लैपलैंड क्षेत्र की राजधानी और सांता क्लॉज का आधिकारिक गृह नगर माना जाता है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पठानिया 25 और 26 सितंबर को रोवानीमी के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे।