28 नवम्बर: हमीरपुर पुलिस थाना के तहत अणु क्षेत्र में शुक्रवार शाम एंबुलेंस और निजी बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि हादसे के समय एंबुलेंस में कोई मरीज सवार नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार निजी बस हमीरपुर से सुजानपुर की ओर जा रही थी, जबकि एंबुलेंस सुजानपुर से हमीरपुर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान अणु के समीप दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई।
टक्कर के कारण सड़क मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे बस में सफर कर रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि काफी समय बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया।