स्थानीय निधि लेखा समिति सख्त, तीन माह में निपटाने होंगे लंबित ऑडिट पैरा; लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

28 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति की जिला शिमला से संबंधित बैठक शुक्रवार को बचत भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति संजय रत्न ने की। इस दौरान समिति के सदस्य राकेश जम्वाल, कुलदीप सिंह राठौर, मलेंद्र राजन और विवेक शर्मा सहित विधायक चौपाल बलबीर वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में पंचायत विभाग में लंबे समय से लंबित ऑडिट पैरा को लेकर समिति ने कड़ी चिंता जताई। पंचायत विभाग के तहत जिला के विभिन्न ब्लॉकों में करीब 4700 ऑडिट पैरा लंबित हैं। समिति ने निर्देश दिए कि वर्ष 2000 से पहले के एक लाख रुपये से कम राशि वाले ऑडिट पैरा को ऑडिट विभाग से अनुमति लेकर बट्टे खाते में डाला जाए। वहीं, वर्ष 2000 से अब तक के लंबित ऑडिट पैरा को अगले तीन महीनों में समायोजित करवाया जाए। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहरी स्थानीय निकायों में भी वर्ष 1999 तक के एक लाख रुपये से कम राशि वाले ऑडिट पैरा को बट्टे खाते में डालने के निर्देश दिए गए।

समिति ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर भी कड़ा रुख अपनाया। कई विभागाध्यक्षों के स्थान पर निचले स्तर के अधिकारियों को भेजा गया था। समिति ने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित लोक निर्माण विभाग के सभी एक्सईएन को विभाग के सचिव के साथ विधानसभा की बैठक में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा गया। वहीं, विद्युत विभाग के सात अनुपस्थित अधिकारियों को भी नोटिस जारी किए जाएंगे।

सभापति संजय रत्न ने कहा कि स्थानीय निधि लेखा समिति मिनी विधानसभा के बराबर होती है। समिति के समक्ष किसी अधिकारी द्वारा गलत तथ्य प्रस्तुत किए जाने पर उसके खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने में कई विभाग असफल हो रहे हैं और बजट का सही सदुपयोग नहीं हो पा रहा है। सरकारी धन में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को 31 मार्च, 2027 से पहले वर्ष 2000 तक के ऑडिट पैरा समायोजित करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर जिला के सभी शहरी स्थानीय निकायों की बैठक उपायुक्त की अध्यक्षता में और सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ अतिरिक्त उपायुक्त की बैठक आयोजित की जाएगी। इनमें खर्च नहीं हुए बजट के सदुपयोग को लेकर विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। इसके अतिरिक्त, शिमला जिला के शहरी स्थानीय निकायों की देनदारियों, लंबित टैक्स और किराये की पूरी जानकारी एक महीने के भीतर समिति को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में समिति ने एपीएमसी को किसानों और बागवानों की सुविधा के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। सभापति ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर मंडियों का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन कई मंडियों तक सड़क सुविधा तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने ऐसे कार्यों पर चिंता जताते हुए बजट का सही इस्तेमाल करने और किसानों-बागवानों को मंडियों तक बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वित्तीय सहायता देने के निर्देश दिए। एपीएमसी को पिछले तीन वर्षों में किए गए डिपॉजिट वर्क की जानकारी 15 दिनों के भीतर समिति के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।

समिति ने हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। तीन महीने पहले दिए गए आदेशों की अनुपालना नहीं होने पर बोर्ड को एक महीने के भीतर हॉस्टल निर्माण के कार्य की टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस कार्य के लिए वर्ष 2012 से बजट जारी किया जा चुका है। इसके अलावा नारकंडा में प्रस्तावित पार्किंग का कार्य भी एक महीने के भीतर शुरू करने को कहा गया।

सभापति ने शहरी स्थानीय निकायों के कर्मचारियों की पेंशन और सेवानिवृत्ति के वित्तीय लाभ राज्य कोषागार के माध्यम से जारी करने की अनुशंसा करने की बात भी कही। अभी तक ये लाभ स्थानीय निकाय अपने स्तर पर जारी कर रहे थे।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने समिति के सभापति और सदस्यों को सम्मानित किया तथा आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी समिति के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने लंबित ऑडिट पैरा को जल्द समायोजित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।

बैठक में प्रबंध निदेशक एपीएमसी राम कुमार गौतम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, आयुक्त नगर निगम शिमला सचिन कंवल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *