जल शक्ति विभाग के अधिकारी बिना अनुमति सरकारी गाड़ी लेकर नहीं जा सकेंगे प्रदेश से बाहर

28 नवम्बर: जल शक्ति विभाग के अधिकारी अब बिना अनुमति सरकारी गाड़ी लेकर प्रदेश से बाहर नहीं जा सकेंगे। दूसरे राज्यों में सरकारी बैठकों या अन्य सरकारी कार्यों के लिए जाने से पहले संबंधित अधिकारियों को सक्षम अधिकारी से मंजूरी लेनी होगी। बिना अनुमति दौरा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जल शक्ति विभाग ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

दरअसल, विभाग के ध्यान में आया है कि कुछ अधिकारी सरकारी वाहनों का इस्तेमाल कर बिना पूर्व अनुमति के प्रदेश से बाहर सरकारी बैठकों में शामिल हो रहे हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए जल शक्ति विभाग के प्रधान सचिव ने सर्कुलर जारी किया है। इसके तहत विभाग के ईएनसी (प्रोजेक्ट), मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, अधिशासी अभियंताओं और सहायक अभियंताओं सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी बैठकों के अलावा अन्य सरकारी कार्यों के लिए प्रदेश से बाहर किए जाने वाले दौरों पर भी ये निर्देश लागू होंगे। सरकारी वाहनों का इस्तेमाल सरकार की ओर से निर्धारित नियमों और समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही करना होगा। निर्देशों की अवहेलना करने और बिना अनुमति प्रदेश से बाहर सरकारी दौरा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *