28 नवम्बर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
शनिवार को ग्राम पंचायत ब्राहलड़ी में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम के समापन अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रतिभागी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से तैयार हल्दी, गेहूं, मक्की और अन्य फसलों के लिए अलग से उच्च समर्थन मूल्य घोषित कर किसानों और बागवानों को बड़ी सौगात दी है। इसके अलावा दूध के मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि कर पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि एचपीशिवा परियोजना के माध्यम से प्रदेश के निचले क्षेत्रों में फल उत्पादन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। इन प्रयासों से निचले क्षेत्रों के किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आर्थिकी में बड़ा बदलाव आएगा।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने महिलाओं से अपने घरेलू उत्पादों को स्थानीय बाजारों के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफार्मों के माध्यम से भी बेचने और उनकी मार्केटिंग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस कार्य में ग्रामीण विकास विभाग के अलावा एपीएमसी और अन्य विभाग भी महिलाओं की मदद कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार गांवों का दौरा कर रहे हैं। ब्राहलड़ी क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए गन्ने की पेराई मशीन भी लगाई गई है। क्षेत्र की अन्य मांगों और समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
इस अवसर पर बीडीओ रजत चौधरी ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता, बेहतर मार्केटिंग और पैकेजिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें ऑनलाइन मार्केटिंग का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, स्थानीय पंचायत प्रधान, अन्य जनप्रतिनिधि, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।