28 नवम्बर: आम लोगों को बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को गांव डुग्घा और ग्राम पंचायत लंबलू में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ये कार्यक्रम 21 अक्तूबर से 31 दिसंबर तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य बैंकों की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाना है।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के शिमला कार्यालय के अधिकारी राहुल जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल और पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कुमार कतना सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को बैंकों की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और फसल बीमा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने तथा पात्र व्यक्तियों को इनसे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।