स्वर्ण जयंती आश्रय योजना से जोगिंदर नगर के 114 गरीब परिवारों का हुआ पक्के घर का सपना पूरा

10 अगस्त: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अपना पक्का घर किसी सपने से कम नहीं होता। प्रदेश सरकार की स्वर्ण जयंती आश्रय योजना ऐसे ही जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बनी है। योजना के तहत जोगिंदर नगर क्षेत्र में वर्ष 2023 से 2026 के बीच 114 पात्र गरीब परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई है।

योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को 1.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस मदद से कई परिवार कच्चे मकानों से निकलकर सुरक्षित और पक्के घरों में रहने लगे हैं। सरकार की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को न केवल आवास की सुविधा मिली है, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा और सम्मान भी जुड़ा है।

हारगुनैन गांव के लाभार्थी रण सिंह ने बताया कि उनका परिवार पहले कच्चे मकान में रहता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए संभव नहीं था। स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत मिली डेढ़ लाख रुपये की सहायता से उनका पक्का घर बनाने का सपना पूरा हो सका। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार का आभार जताया।

वहीं, आरठी गांव के लाभार्थी सुखदेव ने बताया कि उनका परिवार भी पहले कच्चे मकान में रहता था। सरकार से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें पक्का मकान बनाने में काफी मदद की। उन्होंने कहा कि योजना से गरीब परिवारों की मूलभूत जरूरत पूरी करने के साथ उनके जीवन स्तर में भी सुधार हो रहा है।

तहसील कल्याण अधिकारी, जोगिंदर नगर के अनुसार, वर्ष 2023 से 2026 के दौरान कुल 114 परिवारों को इस योजना का लाभ दिया गया। इनमें 109 अनुसूचित जाति, 3 अन्य पिछड़ा वर्ग और 2 अनुसूचित जनजाति के परिवार शामिल हैं।

स्वर्ण जयंती आश्रय योजना जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम बन रही है। योजना के जरिए सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के घर के अपने सपने से वंचित न रहे और उसे बेहतर जीवन जीने का अवसर मिल सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *