सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य : केवल सिंह पठानिया

10 अगस्त: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

शनिवार को चढ़ी में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा फेस-1 से फेस-8 के सर्वे के तहत रैत विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में चिह्नित लाभार्थियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में पठानिया ने यह बात कही। इस दौरान चढ़ी, घरोह, लांजनी, मेटी, कजलोट, कल्याडा, सुधेड़, नागनपट्ट, भितलु, अनसूई, रावा और करेरी पंचायतों के चिह्नित लाभार्थियों से सीधे संवाद किया गया।

पठानिया ने कहा कि संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य सर्वे में चिह्नित लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लोगों के चयन में किसी प्रकार की कमी न रह जाए। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। संवाद के दौरान सामने आने वाले सुझावों, समस्याओं और पात्रता से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के स्पष्ट निर्देश हैं कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में मिले। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

पठानिया ने बताया कि रैत विकास खंड में किए गए सर्वे के तहत कुल 3,503 लोगों को चिह्नित किया गया है। उन्होंने पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता सेवा भाव से करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहना पड़े।

उपमुख्य सचेतक ने कहा कि इसी तरह के संवाद कार्यक्रम पूरे शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को सीधे सुना जा रहा है, ताकि वास्तविक स्थिति सरकार के सामने रखी जा सके और जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जा सके।

शाहपुर के एसडीएम गणेश ठाकुर ने संवाद कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और उपमुख्य सचेतक को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में पहुंचने पर चढ़ी पंचायत के प्रधान सुनीत कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिला परिषद सदस्य संदीप, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, चढ़ी के प्रधानाचार्य, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत राणा, प्रदीप बलौरिया, नागनपट्ट पंचायत प्रधान सुशील, घरोह के देवेंद्र नाथ, भितलु की प्रधान सुनीता, मेटी पंचायत प्रधान अंकित, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, संजय शर्मा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत सचिव, चिह्नित लाभार्थी और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *