8 सितम्बर: अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर ने बीबीएमबी कॉलोनी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (पीडब्ल्यूडी) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में करीब 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों और स्वास्थ्य व पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाहनों का धुआं, औद्योगिक गतिविधियां, निर्माण कार्यों से निकलने वाली धूल, खुले में कचरा व बायोमास जलाना तथा जीवाश्म ईंधनों का अधिक उपयोग वायु प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम और एयर क्वालिटी इंडेक्स की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही खुले में कचरा न जलाने, सार्वजनिक परिवहन और स्वच्छ ईंधन को प्राथमिकता देने, ऊर्जा की बचत करने तथा पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वच्छ वायु के महत्व के प्रति जागरूक कर पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।