स्कूल के पास संदिग्ध हालत में मिले तीन युवक, एक के पास मिली सिरिंज

23 जुलाई: उपतहसील दाड़लाघाट के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट के समीप वीरवार दोपहर करीब 2 बजे तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पाए गए। स्थानीय लोगों को शक होने पर उन्होंने युवकों को रोककर पूछताछ की। इस दौरान एक युवक के पास से सिरिंज मिलने का दावा किया गया, जबकि दो अन्य युवक वहां से जाने लगे, जिन्हें लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दाड़लाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अपने साथ ले गई। पुलिस ने सिरिंज को कब्जे में लेकर तीनों को मेडिकल जांच के लिए नागरिक अस्पताल अर्की भेज दिया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर यह पता लगाने की मांग की है कि युवकों के पास सिरिंज कहां से आई। साथ ही यदि इसके पीछे नशा तस्करी से जुड़ा कोई नेटवर्क है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।

स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि विद्यालय के आसपास इस तरह की संदिग्ध गतिविधियां चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से स्कूल परिसर और आसपास नियमित निगरानी बढ़ाने तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

थाना प्रभारी दाड़लाघाट पंकज शर्मा ने बताया कि युवकों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उन्होंने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया है या नहीं। बरामद सिरिंज को भी जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *