28 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शिमला जिले की धारेच ग्राम पंचायत को राज्य की पहली “हरित पंचायत” घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस पंचायत में 500 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन किया।
सरकार की ओर से जारी बयान में बताया गया कि करीब 1.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का निर्माण जनवरी 2025 में शुरू हुआ था और 30 मार्च 2026 को इसे बिजली ग्रिड से जोड़ दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। लगभग 25 वर्षों की अनुमानित आयु वाली यह परियोजना स्थानीय लोगों को सीधा लाभ पहुंचाएगी और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद करेगी।
बताया गया कि यह सौर ऊर्जा संयंत्र प्रतिदिन करीब 3,000 यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन कर रहा है, जबकि इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 8 लाख यूनिट आंकी गई है। इस उपलब्धि के साथ धारेच पंचायत हिमाचल प्रदेश में हरित ऊर्जा अपनाने का एक मॉडल बनकर उभरी है।