सेल्फी बनी मौत की वजह, कावेरी नदी में डूबने से एक ही परिवार की चार महिलाओं समेत पांच की मौत

25 जून : कर्नाटक के मांड्या जिले में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुत्तथी में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार की चार महिलाओं और उनके कार चालक की कावेरी नदी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य नदी किनारे तस्वीरें और सेल्फी ले रहे थे।

मृतकों की पहचान विजयम्मा, उनकी पुत्री प्रियंका, श्वेता, चैत्रा तथा कार चालक महेश के रूप में हुई है। सभी बेंगलुरु के निकट चन्नापटना तालुका के जगदापुरा गांव के निवासी थे।

पुलिस के अनुसार परिवार बुधवार को एक पारंपरिक भोज और पूजा-अर्चना में शामिल होने के लिए कब्बालू मंदिर गया था। इसके बाद सभी लोग घूमने के लिए मलावल्ली तालुका स्थित मुत्तथी पर्यटन स्थल पहुंचे। नदी किनारे फोटो खिंचवाने के दौरान विजयम्मा का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में परिवार की अन्य महिलाएं भी नदी में उतर गईं, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आकर बह गईं। महिलाओं को बचाने के लिए कार चालक महेश ने भी नदी में छलांग लगा दी, मगर वह भी डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कुशल तैराकों की मदद से चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान के दौरान शाम तक सभी पांचों शव नदी से बाहर निकाल लिए गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

मांड्या की पुलिस अधीक्षक वी जे शोभा रानी ने बताया कि नदी में पानी का स्तर कम दिखाई दे रहा था, लेकिन बहाव काफी तेज था, जिसके कारण यह दुखद हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मांड्या के उपायुक्त और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *